प्रदेश में अचानक से मौसम ने करवट बदली। जयपुर, हनुमानगढ़ और जैसलमेर सहित कई जगहों में ओलावृष्टि हुई। राजधानी में लगातार तीसरे दिन बरसात हुई। वहीं दिन में करीब 3.35 बजे बरसात व ओलावृष्टि का दौर शुरू हुआ जो चालीस मिनट तक चला। बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, चने और सरसाें की फसलें खराब हो गईं, वहीं अजीतगढ़ की सांवलपुरा-तंवरान एवं बुर्जा की ढाणी क्षेत्र में आधे घंटे तक अंडे के आकार के ओले गिरने से सैकड़ों पक्षियों की मौत हो गई।
प्रदेश में बुधवार रात तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट जयपुर में मापी गई, जहां तापमान 18.8 डिग्री से लुढ़ककर 15.1 डिग्री पर आ गया। अन्य जगहों पर तापमान में स्थिरता देखने को मिली या दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
इन इलाकाें में बरसे ओले
जयपुर के अलावा, झुंझुनूं, सीकर, बाड़मेर, दाैसा, धाैलपुर, बूंदी, भरतपुर, चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ में जबरदस्त ओले गिरे। इन इलाकाें में 80 से 90 फीसदी फसलें चाैपट हाे गईं। जयपुर में एक घंटे के दाैरान 16.0 और चूरू के सादुलपुर में ओलावृष्टि के साथ 17.0 मिमी बारिश भी हुई। इस दाैरान तेज हवाएं चलीं और तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
जयपुर में नाले में बहने से बची कार
जयपुर के एक कार सुदर्शनपुरा नाले के पास पानी के तेज बहाव में फंस गई। कार में एक चार-पांच लोग सवार थे। कार काफी देर तक पानी में फंसी रही। उसमें सवार लोग उतर कर एक घर मेंं चले गए।
प्रदेश के कई जगह पर बारिश
बीते 24 घंटे में भीलवाड़ा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, बूंदी, हनुमानगढ़, गंगानगर और जयपुर में बरसात देखने को मिली। अलवर में लगभग 34.6 मिमी बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग में बादल गरजने के साथ हल्की बरसात हो सकती है। शुक्रवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में बादल गरजने के साथ हल्की बरसात हो सकती है। शनिवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बुधवार रात कहां कितना रहा तापमान
अजमेर | 17.0 |
वनस्थली | 14.1 |
अलवर | 13.5 |
जयपुर | 15.1 |
पिलानी | 13.4 |
सीकर | 14.0 |
कोटा | 15.2 |
सवाई माधोपुर | 16.5 |
चित्तौड़गढ़ | 13.6 |
डबोक | 16.0 |
बाड़मेर | 18.8 |
एरिन रोड | 18.8 |
जैसलमेर | 16.3 |
जोधपुर सिटी | 18.2 |
माउंट आबू | 9.4 |
बीकानेर | 16.0 |
चूरू | 13.6 |
गंगानगर | 14.6 |
आज फिर ओले-बारिश का अनुमान
अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दाैसा, धाैलपुर, जयपुर, झुंझुनू, कराैली, काेटा, स.माधाेपुर, सीकर, टाेंक, नागाैर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश-ओलावृष्टि के आसार हैं।माैसम विभाग ने शुक्रवार काे भी प्रदेश के 20 जिलाें में फिर से ओले-बारिश काे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। माैसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षाेभ के चलते राजस्थान के पश्चिम और पाकिस्तान के ऊपर चक्रवाती तंत्र बनने से ओले गिरने के साथ-साथ बारिश हाेने के आसार है।